मोदी बोले- आसमान में भले ही एक चांद चमकता हो, पर बांग्ला भूमि ने अनेक चंद्र दिए; मुलाकात के बाद ममता धरने पर बैठीं


 प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को कोलकाता की चार ऐतिहासिक इमारतों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह बांग्ला भूमि की पवित्र महक को नमन करने का वक्त है। आसमान में एक चांद चमकता हो, लेकिन बंगाल ने दुनिया को सुभाषचंद्र, ईश्वरचंद्र जैसे अनेक चंद्र दिए हैं। इससे पहले, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मोदी से मिलीं। उन्होंने सीएए और एनआरसी को वापस लेने की मांग की। फिर, ममता तृणमूल छात्र परिषद के धरने में शामिल हुईं। मोदी 2 दिन के कोलकाता दौरे पर हैं। वे कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के 150 साल पूरे होने पर समारोह में भी शामिल होंगे।


मोदी ने कहा...



  • युवा अवस्था में भी बंगाल की भूमि मुझे यहां खींच लाई थी। केंद्र सरकार की कोशिश है कि भारत के सांस्कृतिक सामर्थ्य को दुनिया के सामने रखे ताकि देश हेरिटेज टूरिज्म के रूप में उभरे। इससे रोजगार के अनेक अवसर बनेंगे। इस कार्यक्रम के बाद रवींद्र सेतु और हावड़ा ब्रिज का संरक्षण होगा।

  • सरकार अपने अभियान में सबसे पहले कोलकाला, वाराणसी, अहमदाबाद के ऐतिहासिक स्थलों को संरक्षित कर रही है। इसके बाद दिल्ली, चेन्नई और हैदराबाद में मौजूद म्यूजियम को जीर्णोद्धार किया जा रहा है। कोलकाता भारत के सर्वोच्च सांस्कृतिक स्थानों में शामिल हैं। यहां की चार आर्ट गैलरी के नवीनीकरण का काम पूरा हो चुका है।

  • कोलकाता की ऐतिहासिक इमारतें ओल्ड करंसी बिल्डिंग, बेलवेडर हाउस, मेटकाफ हाउस और विक्टोरिया मेमोरियल हॉल यहां की संस्कृति को प्रदर्शित करती हैं। बंगाल समेत भारत की कला और संस्कृति का बहुत महत्व है। इसे संरक्षित करने और बढ़ाने का अभियान बंगाल की धरती से शुरू हो रहा है।

  • आर्ट गैलरियों में बंगाल के स्वतंत्रता सेनानियों को जगह मिलनी चाहिए। नेताजी की भावनाओं का सम्मान करते हुए लालकिले में एक म्यूजियम बनाया गया। नेताजी से जुड़ी फाइलों को सार्वजनिक करने की मांग भी पूरी हो रही है।

  • नए दशक में बंगाल के लोगों को लगता है कि प्रदेश के अन्य सेनानियों को भी उचित सम्मान मिलना चाहिए। 2022 में राजा राममोहन राय की 250वीं जयंती आने वाली है। बेटियों और महिलाओं को अधिकार दिलाने के लिए उनके प्रयासों को आगे बढ़ाना जरूरी है।

  • ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि अंग्रेजों के जाने के बाद देश का इतिहास लिखा गया। उसमें कई सेनानियों को नजरअंदाज कर दिया गया था। गुरुदेव लिखते हैं कि कुछ लोग बाहर से आए। भाई-भाई को मारता रहा, हत्याएं होती रहीं। ये हमारा इतिहास नहीं है। ये किसी ने नहीं बताया कि तब हम क्या कर रहे थे।

  • गुरुदेव ने याद दिलाया था कि इतिहासकारों ने उन लोगों के घरों को नहीं देखा, जो संकट का सामना कर रहे थे। इतिहास लिखने में कुछ लोग पीछे ही छूट गए। जैसा गुरुदेव ने कहा था कि अस्थिरता के दौर में, उसका सामना करना, राष्ट्रीय चेतना को जागृत रखना और उसे अगली पीढ़ियों तक पहुंचाना भी तो एक कर्तव्य था। यह कार्य हमारी कला, संतों और हमारे दार्शनिकों ने किया।

  • डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कहा था कि इस देश की संस्कृति के मूल्यों को जीवित रखा जाए। बांग्ला भूमि में पैदा हुए संतों, महापुरुषों ने इसे संरक्षित किया है। आसमान में भले ही एक चांद चमकता हो, लेकिन बंगाल ने दुनिया को अनेक चंद्र दिए हैं। सुभाष चंद्र, ईश्वर चंद्र और शरत चंद्र।

  • हम सभी को स्वामी विवेकानंद जी की वो बात याद रखना चाहिए, जो उन्होंने मिशिगन यूनिवर्सिटी में कहा था कि 21वीं सदी भारत की होगी। युवाओं को इसे याद रखना चाहिए।


ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की


शनिवार को उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की। इसके बाद ममता ने बताया कि प्रधानमंत्री से कहा है कि हम नागरिकता संशोधन कानून (सीएए), एनपीआर और एनआरसी के खिलाफ हैं। हम चाहते हैं कि सीएए और एनआरसी को वापस लिया जाए। इसके बाद शाम को मुख्यमंत्री तृणमूल छात्र परिषद के धरने में शामिल हुईं। पश्चिम बंगाल में तृणमूल ने सीएए के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है।


कोलकाता में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम




  • कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के मौजूदा और रिटायर्ड कर्मचारियों के संकटग्रस्त पेंशन फंड के लिए 501 करोड़ रुपए का चेक सौंपेगें।




  • 100 साल की उम्र पूरी कर चुके ट्रस्ट के दो पुराने पेंशनरों नगीना भगत (105) और नरेश चंद्र चक्रबर्ती (100) को सम्मानित करेंगे।



  • कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के 150 साल पूरे होने के मौके पर इसकी पहली जेट्टी पर बनने वाले स्मारक की आधारशिला रखेंगे। 

  • नेताजी सुभाष ड्राई डॉक पर बनाए गए उन्नत जहाज मरम्मत केंद्र का उद्घाटन करेंगे, कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के गीत की लॉन्चिंग भी करेंगे।

  • कोलकाता डॉक सिस्टम पर कार्गो परिवहन के लिए बनाए गए रेलवे की उन्नत फुल रेक हेंडलिंग फेसिलिटी का उद्घाटन करेंगे।

  • हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स की बर्थ नंबर 3 पर नई सुविधाओं और प्रस्तावित रिवरफ्रंट डेवलपमेंट योजना का शुभारंभ करेंगे।

  • कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन और सुंदरबन की 200 आदिवासी छात्राओं के लिए प्रतिलता छत्री आवास का उद्घाटन करेंगे।